आगरा के खस्ताहाल एमजी रोड की बदलने लगी सूरत, डीएम के सख्त रुख के बाद मेट्रो ने तेज किया सड़क निर्माण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 23 सितंबर 2026

आगरा के खस्ताहाल एमजी रोड की बदलने लगी सूरत, डीएम के सख्त रुख के बाद मेट्रो ने तेज किया सड़क निर्माण

आगरा के खस्ताहाल एमजी रोड की बदलने लगी सूरत, डीएम के सख्त रुख के बाद मेट्रो ने तेज किया सड़क निर्माण

आगरा कॉलेज से धाकरान तक कारपेंटिंग शुरू, पिलर 186 से 171 तक एक साइड का काम पूरा; बैरिकेडिंग हटने से जाम से भी मिलेगी राहत

आगरा। बारिश और जलभराव से बदहाल हुई शहर की सड़कों की स्थिति अब सुधरने लगी है। जिलाधिकारी मनीष बंसल के सख्त रुख के बाद आगरा मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों पर सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य तेज कर दिया है। खासतौर पर एमजी रोड पर युद्धस्तर पर काम कराया जा रहा है। जहां मेट्रो के पिलर और यू-गर्डर का काम पूरा हो चुका है, वहां बैरिकेडिंग हटाकर सड़क को गड्ढामुक्त करने और कारपेंटिंग का काम शुरू कर दिया गया है।

शहर में बारिश के बाद कई प्रमुख मार्गों पर सड़कें क्षतिग्रस्त होने के साथ ही मेट्रो निर्माण की बैरिकेडिंग के कारण यातायात का दबाव भी बढ़ गया था। आम लोगों की परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी ने मेट्रो अधिकारियों को तलब कर अनावश्यक बैरिकेडिंग तत्काल हटाने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद यूपीएमआरसी ने एमजी रोड समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर काम तेज कर दिया।

आगरा कॉलेज से धाकरान तक कारपेंटिंग शुरू

मेट्रो अधिकारियों के अनुसार एमजी रोड पर आगरा कॉलेज से धाकरान तक सड़क की कारपेंटिंग शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही रोलर वर्क भी कराया जा रहा है। सोमवार रात एमजी रोड पर पिलर संख्या 186 से 171 तक एक साइड का सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य पूरा कर लिया गया। बाकी हिस्सों में भी काम तेजी से जारी है।

आगरा कॉलेज और रावली मंदिर क्षेत्र में भी काम

शहर के सर्वाधिक यातायात दबाव वाले आगरा कॉलेज, रावली मंदिर और कलेक्ट्रेट एमजी रोड क्षेत्र में सड़क को गड्ढामुक्त करने का काम कराया गया है। इन स्थानों पर कारपेंटिंग और रोलर वर्क पूरा कराया जा रहा है, जिससे वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके।

बैरिकेडिंग हटने से जाम से मिलेगी राहत

मेट्रो निर्माण के जिन हिस्सों में पिलर और यू-गर्डर का काम पूरा हो चुका है, वहां चरणबद्ध तरीके से बैरिकेडिंग हटाई जा रही है। इससे सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी और वाहनों को आवागमन के लिए अधिक जगह मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि अनावश्यक बैरिकेडिंग हटने और सड़क निर्माण पूरा होने से एमजी रोड पर जाम की समस्या में भी राहत मिलेगी।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी मेट्रो निर्माण के कारण अनावश्यक बैरिकेडिंग लगी है, उसे तत्काल हटाया जाए और सड़क को यातायात के लिए सुचारु किया जाए। अधिकारियों को आमजन की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

video

Pages