ताजमहल पर पर्यटक का 1.65 लाख का बैग गुम, महिला आरक्षी की नजर पड़ी तो बचा पूरा सामान
महिला आरक्षी सुलेखा ने लावारिस बैग को कब्जे में लिया, क्यूआरटी ने सीसीटीवी और अनाउंसमेंट से खोजा मालिक
आगरा। ताजमहल घूमने आए दिल्ली के पर्यटक का करीब 1.65 लाख रुपये कीमत का सामान गुम हो गया। पश्चिमी प्रवेश द्वार के पास पर्यटक का क्रीम रंग का बैग छूट गया था। बैग में महंगा आईफोन, टाइटन की घड़ी, चांदी की पायल, नकदी समेत अन्य सामान रखा था। ड्यूटी पर तैनात महिला आरक्षी सुलेखा की नजर लावारिस पड़े बैग पर पड़ गई। उन्होंने तत्काल बैग को सुरक्षित कब्जे में लेकर ताज सुरक्षा पुलिस को सूचना दी।
दिल्ली के रोहिणी निवासी अमित अपनी पत्नी विधि के साथ ताजमहल घूमने पहुंचे थे। पश्चिमी प्रवेश द्वार के आसपास भ्रमण के दौरान उनका बैग वहीं छूट गया। कुछ देर बाद बैग गायब होने की जानकारी हुई तो दोनों ने आसपास तलाश की, लेकिन बैग नहीं मिला।
इसी बीच पश्चिमी प्रवेश द्वार पर ड्यूटी कर रहीं महिला आरक्षी सुलेखा की नजर बैग पर पड़ी। उन्होंने आसपास मौजूद पर्यटकों से पूछताछ की और बैग को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। बैग की जांच करने पर उसमें आईफोन, टाइटन की घड़ी, चांदी की पायल, नकदी समेत करीब 1.65 लाख रुपये कीमत का सामान मिला।
बैग के मालिक तक पहुंचने के लिए ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई। टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट के जरिए ताजमहल परिसर और प्रवेश क्षेत्रों में बैग मिलने की सूचना प्रसारित कराई गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने पर्यटक अमित से संपर्क किया और उन्हें बैग सुरक्षित बरामद होने की जानकारी दी। अमित ताज सुरक्षा पुलिस के पास पहुंचे, जहां आवश्यक सत्यापन के बाद बैग में मौजूद पूरा सामान उन्हें सुरक्षित हालत में वापस सौंप दिया गया।
कीमती सामान वापस मिलने पर अमित और उनकी पत्नी विधि ने ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता की सराहना की। पर्यटकों ने महिला आरक्षी सुलेखा और क्यूआरटी का आभार जताया। ताजमहल जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पर पुलिसकर्मी की सतर्क नजर और क्यूआरटी की तत्परता से पर्यटक का कीमती सामान सुरक्षित वापस मिल गया।