आगरा में मंदिरों, संवेदनशील चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर 24 घंटे रहेगी तीसरी आंख की नजर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 28 सितंबर 2026

आगरा में मंदिरों, संवेदनशील चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर 24 घंटे रहेगी तीसरी आंख की नजर

आगरा में मंदिरों, संवेदनशील चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर 24 घंटे रहेगी तीसरी आंख की नजर

डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार ने स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण, जाम लगते ही वैकल्पिक मार्ग लागू करने के निर्देश

आगरा। शहर की यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार ने रविवार को स्मार्ट सिटी ट्रैफिक कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस), सीसीटीवी कैमरों, डिजिटल मैपिंग और लाइव ट्रैफिक मॉनिटरिंग व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को तकनीकी व्यवस्थाओं को पूरी क्षमता के साथ संचालित रखने और यातायात दबाव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।

डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि शहर के प्रमुख मंदिरों, संवेदनशील चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर 24 घंटे लगातार सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कैमरे और तकनीकी उपकरण पूरी तरह क्रियाशील रहें, ताकि किसी भी स्थान पर यातायात संबंधी समस्या सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

जाम लगते ही लागू होगा वैकल्पिक मार्ग

रवीन्द्र कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी सड़क पर यातायात का दबाव बढ़ने अथवा जाम की स्थिति बनने पर तत्काल स्थिति का आकलन कर वैकल्पिक मार्ग लागू किए जाएं। यातायात पुलिस और कंट्रोल रूम के बीच बेहतर समन्वय के साथ मौके पर त्वरित एवं प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया।

पीए सिस्टम से मिलेगी वाहन चालकों को जानकारी

डीसीपी ने पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम का प्रभावी इस्तेमाल करने के भी निर्देश दिए। इसके माध्यम से आमजन को यातायात नियमों, वैकल्पिक मार्गों और सड़क सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी लगातार प्रसारित करने को कहा गया, ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को समय रहते जरूरी सूचना मिल सके।

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, रियल टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग और त्वरित समन्वय के माध्यम से शहर में निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना यातायात पुलिस की प्राथमिकता है। कंट्रोल रूम से शहर के यातायात पर लगातार नजर रखते हुए जरूरत के अनुसार तत्काल निर्णय लेने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ट्रैफिक ने तकनीकी संसाधनों की स्थिति और मॉनिटरिंग व्यवस्था को देखा तथा अधिकारियों को यातायात प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

video

Pages