शादी का झांसा देकर विधवा के 2.50 लाख रुपये हड़पे, मकान बिकवाकर रकम भी ली; ट्रांस यमुना पुलिस ने आरोपी दबोचा
फर्जी चेक देकर समझौते पर कराए हस्ताक्षर, फोटो-वीडियो वायरल करने की देता था धमकी; थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार और चौकी प्रभारी हिमांशु सैनी की सक्रियता से गिरफ्तारी
आगरा। थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में विधवा महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ गलत काम करने, बीमा की रकम और मकान बेचने से मिली धनराशि हड़पने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी राजेश सिसौदिया पुत्र सौदान सिंह को नारायण बिहार कॉलोनी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता के पति की वर्ष 2008 में दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसे दुर्घटना बीमा के रूप में 2.50 लाख रुपये मिले थे। वर्ष 2009 में उसकी राजेश से जान-पहचान हुई। आरोप है कि राजेश ने विधवा पेंशन और सरकारी कॉलोनी दिलाने के साथ ही महिला से शादी करने का भरोसा दिया। इसी बहाने उसने महिला के साथ गलत काम किया और उसका गर्भपात भी कराया।
आरोप है कि राजेश ने महिला को मिली 2.50 लाख रुपये की बीमा राशि के साथ ही उसका मकान बिकवाकर मिली रकम भी ले ली। बाद में जब महिला ने शादी करने और अपना पैसा वापस करने के लिए कहा तो आरोपी ने कथित तौर पर फर्जी चेक देकर 100 रुपये के स्टाम्प पर समझौता पत्र पर हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद रुपये मांगने पर गाली-गलौज करने और महिला के फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप है।
मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना ट्रांस यमुना में मुकदमा अपराध संख्या 256/2026 के तहत धारा 69, 89, 352, 351(2) और 316(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना स्तर पर पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नारायण बिहार कॉलोनी स्थित उसके घर पर दबिश देकर राजेश सिसौदिया को गिरफ्तार कर लिया।
बेहतरीन पुलिसिंग के लिए पहचानी जाती है ट्रांस यमुना पुलिस
थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार और शाहदरा चौकी इंचार्ज हिमांशु सैनी की सक्रियता के चलते आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है। महिला संबंधी गंभीर शिकायत में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की और सूचना मिलने पर उसके घर पहुंचकर गिरफ्तारी की। स्थानीय स्तर पर थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार की सक्रिय कार्यशैली और शाहदरा चौकी प्रभारी हिमांशु सैनी की सतर्कता की चर्चा रहती है।