फरारी का रास्ता एक्सप्रेस-वे पर थमा, खंदौली पुलिस ने बहन की हत्या के वांछित को दबोचा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 18 सितंबर 2026

फरारी का रास्ता एक्सप्रेस-वे पर थमा, खंदौली पुलिस ने बहन की हत्या के वांछित को दबोचा

फरारी का रास्ता एक्सप्रेस-वे पर थमा, खंदौली पुलिस ने बहन की हत्या के वांछित को दबोचा

थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव और पोइया हल्का इंचार्ज अभिषेक सचान की सक्रियता से टोल प्लाजा पर घेराबंदी, निशानदेही पर आलाकत्ल बरामद

आगरा। बहन की हत्या के मामले में फरारी काट रहे आरोपी की तलाश में जुटी खंदौली पुलिस ने आखिरकार उसे यमुना एक्सप्रेस-वे पर घेर लिया। टोल प्लाजा के पास पुलिस ने सटीक सूचना पर घेराबंदी कर वेदप्रताप सिकरवार उर्फ विवेक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पकड़े जाते ही पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कथित वारदात में प्रयुक्त तीन ईंट के टुकड़े और नुकीली सीमेंट शीट के टुकड़े भी बरामद किए। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव और पोइया हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक अभिषेक सचान की सक्रिय भूमिका रही।

मामला आठ सितंबर 2026 का है। पीड़िता के भाई ने थाना खंदौली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी बहन को ससुराल पक्ष द्वारा लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि इसी प्रताड़ना के दौरान उसकी हत्या कर दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 288/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2) और 103(1) के तहत विवेचना शुरू की।

घटना के बाद आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने संभावित ठिकानों के साथ आरोपी की आवाजाही के रास्तों पर भी निगरानी बढ़ा दी।

इसी बीच गुरुवार को पुलिस को आरोपी के यमुना एक्सप्रेस-वे की ओर आने की सटीक सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर दी। आरोपी के वहां पहुंचते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वेदप्रताप सिकरवार उर्फ विवेक पुत्र राजकुमार सिकरवार निवासी पीलीपोखर, थाना खंदौली, कमिश्नरेट आगरा के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर तीन ईंट के टुकड़े और नुकीली सीमेंट शीट के टुकड़े बरामद किए गए। पुलिस ने बरामदगी को विवेचना में महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया है।

उपेंद्र श्रीवास्तव की रणनीति, अभिषेक सचान की सक्रियता से गिरफ्तारी

वांछित आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव और पोइया हल्का इंचार्ज अभिषेक सचान की सक्रिय भूमिका रही। दोनों अधिकारियों की निगरानी में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में लगातार जुटी रही। सूचना तंत्र को सक्रिय रखते हुए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी गई और सटीक सूचना मिलते ही एक्सप्रेस-वे पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक अभिषेक सचान, हेड कांस्टेबल अतुल कुमार और कांस्टेबल सौरभ कुमार शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

video

Pages