25 सितंबर को मुकुट पूजन के साथ शुरू होगी आगरा की रामलीला, रामबारात और जनकपुरी महोत्सव भी रहेगा खास
आगरा। धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ श्री रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला मैदान स्थित श्री राम हनुमान मंदिर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 21 अशोक के पौधे रोपे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए जा रहे संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विधायक एवं श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि माता जानकी के रावण द्वारा हरण किए जाने के बाद उन्हें अशोक वाटिका में रखा गया था। अशोक का वृक्ष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ शोक दूर करने का प्रतीक भी माना जाता है। इसी धार्मिक और सांस्कृतिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में 21 अशोक के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण केवल प्रकृति संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं से जुड़ने का भी अवसर है।
25 सितंबर से शुरू होगा रामलीला मंचन
श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि अनंत चतुर्दशी के अवसर पर 25 सितंबर को मुकुट की सवारी और मुकुट पूजन के साथ रामलीला मंचन का शुभारंभ होगा। रामलीला को लेकर कमेटी की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस बार रामलीला के साथ रामबारात और जनकपुरी महोत्सव भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। आयोजकों के अनुसार धार्मिक आयोजनों को भव्य और व्यवस्थित रूप देने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
पौधरोपण कार्यक्रम में महामंत्री राजीव खंडेलवाल, मुकेश जौहरी, मनोज अग्रवाल, ताराचंद, राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल, राहुल गौतम, विनोद जौहरी, टीएन अग्रवाल, अंजुल बंसल, महेश चंद्र अग्रवाल, आयुष अग्रवाल, राहुल शर्मा, राकेश जैन, संजय तिवारी, आनंद मंगल, शैलेंद्र अग्रवाल, रमांशु शर्मा, लखन अग्रवाल, विनय अग्रवाल, प्रवीण स्वरूप समेत कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।