थानाध्यक्ष आशुतोष रघुवंशी की त्वरित कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस टीम ने अहारन बिजली घर रोड से धर दबोचा
जनपद आगरा। नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और धमकी देने के संगीन मामले में बरहन थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने चेकिंग और गश्त के दौरान मामले के वांछित आरोपी रोहित को अहारन बिजली घर खरकना रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 13 सितंबर 2026 का है, जब पीड़ित पिता ने बरहन थाने में तहरीर दी थी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी रोहित नाबालिग बच्ची को फोन पर गंदी-गंदी बातें कर परेशान करता था और मना करने पर बच्ची व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
विवेचना में खुली दुष्कर्म की परतें, लगीं गंभीर धाराएं
मुकदमा दर्ज करने के बाद जब बरहन पुलिस ने मामले की विवेचना की और साक्ष्य जुटाए, तो घटना में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(1) और 352 की वृद्धि करते हुए आरोपी पर शिकंजा और कस दिया।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में बरहन थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम एसआई राजेश कुमार साहू, हेड कांस्टेबल वेदप्रकाश और कांस्टेबल भोजवीर सिंह ने क्षेत्र में गश्त के दौरान अहारन बिजली घर के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोहित पुत्र संजू उर्फ सुधीर निवासी ग्राम नगला स्वरूप थाना बरहन, आगरा के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।