पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था समेत मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी हड़ताल पर, 450 शाखाओं में ठप रहा कामकाज - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 12 सितंबर 2026

पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था समेत मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी हड़ताल पर, 450 शाखाओं में ठप रहा कामकाज

पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था समेत मांगों को लेकर बैंक कर्मचारी हड़ताल पर, 450 शाखाओं में ठप रहा कामकाज

संजय प्लेस में कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन, बैंक बंद होने से ग्राहक लौटे बैरंग; अब सोमवार को खुलेंगे बैंक

आगरा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार को देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर आगरा में भी देखने को मिला। पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था समेत विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मचारियों ने कामकाज ठप रखा। शहर और जिले की करीब 450 बैंक शाखाओं में काम प्रभावित रहा। बैंक पहुंचने वाले ग्राहकों को काम कराए बिना ही वापस लौटना पड़ा।

हड़ताल के दौरान सुबह से ही संजय प्लेस स्थित एसबीआई के प्रशासनिक कार्यालय पर बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी और यूनियन पदाधिकारी एकत्र हुए। कर्मचारियों ने सरकार और बैंक प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन का ध्यान आकर्षित कराया जा रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

प्रदर्शनकारियों ने पांच दिन का बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को प्रमुखता से उठाया। यूनियन नेताओं का कहना था कि बैंक कर्मचारियों को सप्ताह में दो दिन अवकाश मिलने से कार्य-जीवन संतुलन बेहतर होगा और कर्मचारियों की कार्यक्षमता में भी सुधार आएगा। इसके अलावा कर्मचारियों ने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़ी अन्य मांगों को भी जल्द पूरा करने की मांग की।

हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकद लेनदेन, चेक संबंधी कार्य और अन्य बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। हालांकि डिजिटल बैंकिंग और एटीएम जैसी सेवाएं अलग-अलग स्तर पर उपलब्ध रहीं, लेकिन शाखाओं से जुड़े काम के लिए पहुंचे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हड़ताल के बाद शनिवार को दूसरा शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज नहीं होगा। ऐसे में अब बैंकों में सामान्य कामकाज सोमवार से शुरू होने की उम्मीद है। लगातार अवकाश और हड़ताल के चलते बैंकिंग कार्य के लिए ग्राहकों को सोमवार तक इंतजार करना पड़ेगा।

video

Pages