धौरऊ गौ संरक्षण केंद्र में गौ सेवा, विधायक धर्मपाल सिंह ने किया गोवंश का पूजन
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पशुपालन विभाग ने योजनाओं की दी जानकारी
आगरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान’ थीम पर विकासखंड खंदौली के ग्राम धौरऊ स्थित बृहद गौ संरक्षण केंद्र में गौ सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। यूपीडा (UPIDA) द्वारा निर्मित गौ संरक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने गायों को गुड़ खिलाकर और गौ पूजन कर किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि गौ सेवा ही सच्ची मानव सेवा है। गोवंश का संरक्षण हमारी संस्कृति के साथ-साथ हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने गोवंश संरक्षण और संवर्धन के लिए लोगों से सहभागिता की अपील की।
कार्यक्रम में पशुपालन विभाग की ओर से जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आगरा डॉ. डी.के. पांडेय ने उपस्थित लोगों को मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना, पशुधन बीमा, कृत्रिम गर्भाधान और टीकाकरण सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक अभिलेखों के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम के माध्यम से शासन की योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के साथ गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने लोगों को पशुपालन से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न जनकल्याणकारी और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य शासन की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचाने और जनभागीदारी के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
कार्यक्रम में तहसीलदार एत्मादपुर, खंड विकास अधिकारी खंदौली, पशु चिकित्सा अधिकारी खंदौली डॉ. ओम बाबू बाथम, सहायक विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, गौशाला संचालक, गोधरा वसुंधरा के सदस्य तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों को स्वल्पाहार वितरित किया गया।