आगरा में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 80 लोगों के खिलाफ एफआईआर की तैयारी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 23 सितंबर 2026

आगरा में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 80 लोगों के खिलाफ एफआईआर की तैयारी

आगरा में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई, 80 लोगों के खिलाफ एफआईआर की तैयारी

खंदौली क्षेत्र के चार गांवों में विद्युत विभाग की छापेमारी, धारा 135 के तहत विद्युत चोरी निरोधक थाने में दर्ज होगा मुकदमा

आगरा। बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विद्युत विभाग ने खंदौली क्षेत्र के चार गांवों में छापेमारी कर 80 लोगों को विद्युत चोरी में संलिप्त पाए जाने का दावा किया है। सभी के खिलाफ भारतीय विद्युत अधिनियम-2003 की धारा 135 के तहत कार्रवाई करते हुए विद्युत चोरी निरोधक थाना कमलानगर, आगरा में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही नियमानुसार जुर्माना लगाने की कार्रवाई भी की जा रही है।

जिलाधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में डिप्टी कलेक्टर (ताज सुरक्षा) के नेतृत्व में विद्युत विभाग और स्थानीय पुलिस बल की मदद से मंगलवार को यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई विद्युत वितरण खंड एत्मादपुर के अंतर्गत उपखंड खंदौली से निर्गत विद्युत आपूर्ति वाले हाई लॉस फीडर और हाई लॉस वाले गांवों में की गई।

टीम ने टर्रकपुर, नगला महाराम, इंदावास और नादऊ गांवों में विद्युत कनेक्शनों की जांच की। विभाग के अनुसार जांच के दौरान कई लोग अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए। इनमें नादऊ निवासी विनोद और ऊषा, टर्रकपुर निवासी संदीप, अशोक, सुनहरी और राधेश्याम, नगला महाराम निवासी संजू और प्रिया तथा इंदावास निवासी शीलेन्द्र और यादवेंद्र समेत कुल 80 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार सभी के खिलाफ विद्युत चोरी निरोधक थाना कमलानगर में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। इसके साथ ही विद्युत चोरी के मामलों में नियमानुसार जुर्माना निर्धारित करने की कार्रवाई भी की जा रही है।

विभाग ने बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि बकाया विद्युत बिलों का समय से भुगतान करें और किसी भी तरह से बिजली चोरी न करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि हाई लॉस फीडर और चिन्हित क्षेत्रों में विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

video

Pages