धौरऊ गौशाला में गौ सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, विधायक धर्मपाल सिंह ने की गौ माता की पूजा
सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत गौशाला की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, पशुओं के स्वास्थ्य की हुई जांच
आगरा। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत जिले की गौशालाओं में गौसेवा और पशु कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में एत्मादपुर क्षेत्र की धौरऊ गौशाला में गौ सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने गौ माता की पूजा कर गौसेवा की और गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सीवीओ), खंदौली के खंड विकास अधिकारी, तहसीलदार एत्मादपुर, ग्राम प्रधान सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने गौशाला में पशुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं, चारा-पानी और साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया।
विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह ने कहा कि गौवंश का संरक्षण और संवर्धन प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। निराश्रित गौवंश के संरक्षण के लिए जिले में गौ आश्रय स्थलों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान चलाकर निराश्रित गौवंश को गौ आश्रय स्थलों में पहुंचाया जाए और वहां पशुओं की देखभाल में किसी तरह की लापरवाही न हो।
अभियान के दौरान पशुधन विभाग के चिकित्सकों और टीम ने गौवंश के स्वास्थ्य की जांच की। अधिकारियों ने स्वस्थ एवं खुशहाल पशुधन के साथ बेहतर गौशाला प्रबंधन का संदेश दिया। पशुओं के स्वास्थ्य, उपचार और नियमित देखभाल पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम में गौसेवा को किसान हित से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। किसानों और गौशाला प्रबंधन को पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य, वैज्ञानिक प्रबंधन और प्रभावी गौसेवा के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रेरित किया गया। पशुधन विभाग की टीम ने गौशालाओं में पशु कल्याण और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।