अगरपुर में रेस प्रतियोगिता: 800 मीटर दौड़ में युवाओं ने दिखाया दम, विजेताओं पर हुई ट्रॉफियों की बारिश
आगरा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के अवसर पर ग्राम अगरपुर में खेल, उत्साह और देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। गांव की ऊर्जावान युवा टीम द्वारा आयोजित भव्य 800 मीटर रेस प्रतियोगिता में पूरे क्षेत्र के दर्जनों युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी बेमिसाल शारीरिक क्षमता एवं खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ राष्ट्रगान और खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के साथ हुआ। जैसे ही रेस की सीटी बजी, सभी धावक जीत के लक्ष्य के साथ मैदान में दौड़ पड़े। 800 मीटर की इस ट्रैक स्पर्धा में धावकों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दर्शकों और ग्रामीणों की तालियों से पूरा मैदान गूंज उठा। युवाओं ने अपनी पूरी ताकत झोंकते हुए दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद शानदार प्रदर्शन करने वाले विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को कमेटी द्वारा मेडल, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं कमेटी अध्यक्ष युवा समाजसेवी प्रवीण चौहान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, "इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें एक बेहतर मंच प्रदान करना है। आज के समय में खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन और टीम भावना का भी संचार होता है। हमारी टीम का प्रयास रहेगा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन बड़े स्तर पर कराए जाएं ताकि हमारे गांव के युवा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अगरपुर की युवा टीम एवं आयोजन समिति का विशेष और सराहनीय सहयोग रहा। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा गया। इस भव्य आयोजन के साक्षी बनने के लिए आसपास के गांवों से भी भारी संख्या में खेल प्रेमी पहुंचे।