लोहे की रॉड से युवक के सिर पर किया हमला, निबोहरा पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा
मारपीट के मामले में वांछित मेघ सिंह गिरफ्तार, सर्विलांस पूर्वी जोन टीम के सहयोग से पुलिस को मिली सफलता
आगरा। निबोहरा थाना क्षेत्र में युवक पर लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना निबोहरा पुलिस और सर्विलांस पूर्वी जोन टीम की कार्रवाई में वांछित आरोपी मेघ सिंह को काटर घाट के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, थाना निबोहरा में दी गई तहरीर में बताया गया था कि रात के समय वादी का भाई गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। रास्ते में मेघ सिंह, मनोज और तीन अन्य लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के संबंध में थाना निबोहरा में एफआईआर संख्या 66/2026, धारा 109(1), 191(2), 191(3), 115(2) और 126(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व में घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सहायक पुलिस आयुक्त शमशाबाद के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम द्वारा लगातार वांछित आरोपियों की तलाश और चेकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मुकदमे में संलिप्त वांछित अभियुक्त मेघ सिंह पुत्र लाखन सिंह को काटर घाट के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के आदेशों एवं निर्देशों का पालन किया गया।