पेट्रोल पंप कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला, मलपुरा पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
जखौदा स्थित किरन इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर वारदात, एक चाकू और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक बरामद
आगरा। मलपुरा थाना क्षेत्र के जखौदा स्थित किरन इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, पेट्रोल पंप कर्मचारी पर मोटरसाइकिल से आए दो युवकों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया था। हमले में कर्मचारी के सिर के पीछे के हिस्से और कान पर गंभीर चोटें आई थीं। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना मलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 442/2026, धारा 109(1)/3(5) बीएनएस और 4/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही मलपुरा पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद बबलू और राकेश को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक नाजायज चाकू बरामद हुआ। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।