आगरा में फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग के सितारों का जमावड़ा, महाराष्ट्र के सर्वेश कुमार बने ओवरऑल चैंपियन
‘मिस्टर एथलीट बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस चैंपियनशिप’ में देशभर से पहुंचे करीब 200 एथलीट, विजेताओं को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी और आकर्षक उपहारों से किया सम्मानित
आगरा। फतेहाबाद रोड स्थित शिव संगम गार्डन में रविवार को ‘मिस्टर एथलीट बॉडी बिल्डिंग एंड फिटनेस चैंपियनशिप’ का भव्य आयोजन किया गया। इंडियन फिटनेस एंड बॉडी बिल्डिंग फाउंडेशन (IFBBF) एवं आगरा फिटनेस एंड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन (AFBBA) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से करीब 200 एथलीटों ने दमखम दिखाया। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के सर्वेश कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी मोना भाई, समाजसेवी मित्तल जी, योगेश भाई एवं समस्त अव्वा परिवार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। कार्यक्रम में झारखंड की मिस इंडिया सिया, गुजरात की नेशनल पावरलिफ्टर आशी और लखनऊ की मोना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने अलग-अलग श्रेणियों में अपनी फिटनेस और बॉडी बिल्डिंग प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले के बाद महाराष्ट्र के सर्वेश कुमार को ओवरऑल चैंपियन चुना गया। उन्हें 21 हजार रुपये नकद पुरस्कार और सप्लीमेंट्स प्रदान किए गए।
रोहित सिंह ने मसलमैन का खिताब हासिल किया, जिन्हें 11 हजार रुपये नकद और सप्लीमेंट्स मिले। वहीं बरेली के कमर आलम मैन फिटनेस चैंपियन बने। उन्हें 5100 रुपये नकद और सप्लीमेंट्स देकर सम्मानित किया गया। महिला वर्ग में अलीगढ़ की अनुपमा शर्मा ने चैंपियन का खिताब जीता और उन्हें भी 5100 रुपये नकद एवं सप्लीमेंट्स प्रदान किए गए।
बॉडी बिल्डिंग की आठ अलग-अलग श्रेणियों में शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र के साथ होम थिएटर, मिक्सर जूसर ग्राइंडर, इंडक्शन कुकर और डिनर सेट जैसे उपयोगी घरेलू उपहार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में शीर्ष पांच में स्थान नहीं बना पाने वाले प्रतिभागियों को भी पार्टिसिपेशन मेडल और प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान जीत शर्मा, माही राठौर और रफीक कुरैशी ने गेस्ट पोजिंग के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया। साथ ही फिटनेस के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया गया।
आयोजन में आगरा फिटनेस एंड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन की टीम से दीपू ठाकुर, संजय वर्मा, जीत शर्मा, रफीक कुरैशी, राहुल कुमार, एन.के. ठाकुर, दीपक शर्मा, आकाश शर्मा, ऋषभ वर्मा, मोनू यादव, नियाजुद्दीन, ईशान, इरफान, सतीश कुमार, प्रमोद कुमार और मोहम्मद शाहिद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजक महफूज आलम एवं IFBBF और AFBBA की कार्यकारिणी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खुशी जताई।