सीसीटीवी फुटेज से खुला छिनैती का राज, एकता पुलिस ने आरोपी देवेन्द्र को दबोचा
महिला से मंगलसूत्र और जंजीर छीनकर बाइक से फरार हुआ था आरोपी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और पीली धातु बरामद
आगरा। थाना एकता क्षेत्र में महिला से आभूषण छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद मिले साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित अपनी बहन को उसके ससुराल छोड़ने के लिए बजेहरा गांव से दिगनेर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति आया और महिला के पास मौजूद एक छोटा मंगलसूत्र, एक जंजीर और एक बड़ा मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना एकता पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 444/2026, धारा 304(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना एकता पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल से लेकर आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बगदा की ओर जाने वाली पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी देवेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से आठ ग्राम वजन का पीली धातु का एक टुकड़ा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना में छीने गए अन्य सामान और उसके आपराधिक इतिहास के संबंध में जानकारी जुटा रही है।