उद्योग बंधु की बैठक में गूंजी औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याएं, डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 24 सितंबर 2026

उद्योग बंधु की बैठक में गूंजी औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याएं, डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

उद्योग बंधु की बैठक में गूंजी औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याएं, डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

विद्युत, जलभराव, सड़क और नाली से जुड़े मामलों की समीक्षा, स्थलीय परीक्षण कर कार्ययोजना बनाने को कहा

आगरा। औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में विद्युत आपूर्ति, जलभराव, जल निकासी, सड़क, नाली और साफ-सफाई से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को उद्योग बंधुओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गढ़ी महासिंह सब-स्टेशन, एत्मादपुर से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों की विद्युत आपूर्ति की समीक्षा में बताया गया कि पिछले माह फीडर पर डबल पोल लगाने, विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की शाखाओं की छंटाई तथा क्षतिग्रस्त खंभे, कंडक्टर और अन्य सामग्री को बदलने का कार्य कराया गया है। इससे विद्युत आपूर्ति में सुधार हुआ है। जिलाधिकारी ने आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के साथ अन्य समस्याओं के प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

टेढ़ी बगिया से चार पुलिया तक बड़े नाले के निर्माण के कारण औद्योगिक आवागमन प्रभावित होने के मामले में बताया गया कि विभिन्न मार्गों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर नाले को कवर करने के लिए आगणन तैयार किया जा चुका है। वित्तीय स्वीकृति के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य कराया जाएगा। डीएम ने प्रक्रिया जल्द पूरी कर कार्य को समयबद्ध ढंग से कराने को कहा।

भगवती बाग, फाउंड्री नगर औद्योगिक क्षेत्र में सड़क और नाली निर्माण के प्रकरण पर जिलाधिकारी ने जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। वहीं बोदला-बिचपुरी रोड के नाले की सफाई और बंदरों की समस्या की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि नाले की सफाई और सिल्ट हटाने का कार्य कराया जा रहा है। मंकी कैचर टीम द्वारा बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई भी की जा रही है। डीएम ने नाले को कवर्ड कराने और बंदरों की समस्या के प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।

विरोला शू फैक्ट्री और केएफ एक्सपोर्ट के सामने जलभराव एवं जल निकासी की समस्या पर संबंधित विभाग से आख्या मांगी गई है। जिलाधिकारी ने रिमाइंडर भेजकर आगामी बैठक में कार्रवाई की स्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

वहीं यमुना इंडस्ट्रियल पार्क, धरेरा, एत्मादपुर के संपर्क मार्ग की जर्जर स्थिति के साथ सड़क, सीवर और अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके का स्थलीय निरीक्षण कर समग्र कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों से जुड़े मामलों का विभागीय समन्वय के साथ प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कराए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ प्रत्येक प्रकरण में समयबद्ध कार्रवाई और स्पष्ट प्रगति रिपोर्ट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, उपायुक्त उद्योग शैलेन्द्र सिंह, सहायक नगरायुक्त श्रद्धा पांडेय, एसीपी श्वेता वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिला उद्योग बंधु समिति के सदस्य मौजूद रहे।

video

Pages