सर्वोदय विद्यालय के वेटलिफ्टरों ने मैनपुरी में लहराया परचम
राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय इटौरा के खिलाड़ियों ने दिलाया आगरा को टीम चैंपियनशिप का खिताब
तीन स्वर्ण समेत आठ पदक जीतकर खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
आगरा। मैनपुरी में आयोजित माध्यमिक वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता-2026 में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय इटौरा, आगरा के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर आगरा टीम ने टीम चैंपियनशिप अपने नाम की।
अंडर-17 के 79 किग्रा भार वर्ग में फैजन अली ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता। अंडर-19 के 65 किग्रा भार वर्ग में सुमित कुमार और 79 किग्रा भार वर्ग में प्रियांशु ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं राहुल, सुमित, नितिन और अतुल ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीते, जबकि अमन ने तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता।
आगरा टीम के कोच हरीश चंद्र धारिया (व्यायाम शिक्षक) रहे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी सहारनपुर में होने वाली माध्यमिक स्टेट वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगे।
समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के साथ खेलों को भी प्राथमिकता दे रही है। सर्वोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए आवश्यक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। खिलाड़ियों की यह सफलता सरकार की खेल और शिक्षा को बढ़ावा देने की नीति का परिणाम है।