यमुना में गिरने वाले नालों की टैपिंग में तेजी लाएं, पौधों की सुरक्षा पर भी रहे नजर: डीएम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 29 सितंबर 2026

यमुना में गिरने वाले नालों की टैपिंग में तेजी लाएं, पौधों की सुरक्षा पर भी रहे नजर: डीएम

यमुना में गिरने वाले नालों की टैपिंग में तेजी लाएं, पौधों की सुरक्षा पर भी रहे नजर: डीएम

जिला गंगा, पर्यावरण, वेटलैंड एवं वृक्षारोपण समितियों की समीक्षा बैठक में डीएम मनीष बंसल ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

आगरा में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति, जिला वेटलैंड समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में नदी संरक्षण, सीवरेज परियोजनाओं, छोटी नदियों के पुनरुद्धार, वेटलैंड संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने यमुना नदी में गिरने वाले नालों की स्थिति और उनकी टैपिंग की कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने चिन्हित नालों की टैपिंग का काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि यमुना में प्रदूषित पानी के प्रवाह को रोका जा सके।

उटंगन नदी और बटेश्वर घाट परियोजना की भी समीक्षा

बैठक में उटंगन नदी के पुनरुद्धार और बटेश्वर घाट निर्माण परियोजना की प्रगति की जानकारी भी ली गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।

पौधों की जियो-टैगिंग और सुरक्षा पर जोर

वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नए लगाए गए पौधों की जियो-टैगिंग, सुरक्षा और अनुरक्षण की स्थिति जानी। उन्होंने पूर्व वर्षों में किए गए पौधरोपण के संरक्षण की भी समीक्षा की और रोपित पौधों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने वायु प्रदूषण नियंत्रण, सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रभावी रोक लगाने और लीगेसी वेस्ट के निस्तारण में विभागीय समन्वय के साथ ठोस प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में सीडीओ प्रतिभा सिंह, एडीएम नमामि गंगे जुहैर बेग, डीएफओ राजेश कुमार, आरएम रोडवेज बीपी अग्रवाल, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेंद्र वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

video

Pages