वैदिक शिक्षा और संस्कारों के संरक्षण का दिया संदेश, अशोक नगर में हुआ सनातनी प्रशिक्षण शिविर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 29 सितंबर 2026

वैदिक शिक्षा और संस्कारों के संरक्षण का दिया संदेश, अशोक नगर में हुआ सनातनी प्रशिक्षण शिविर

वैदिक शिक्षा और संस्कारों के संरक्षण का दिया संदेश, अशोक नगर में हुआ सनातनी प्रशिक्षण शिविर

गुरुकुल क्रांति के तत्वावधान में आयोजित शिविर में देशभर से जुटे कार्यकर्ता, वैदिक यज्ञ और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल

आगरा के अशोक नगर स्थित कम्युनिटी हॉल में रविवार को गुरुकुल क्रांति (ऑनलाइन गुरुकुल) के तत्वावधान में सनातनी प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह नौ बजे वैदिक यज्ञ के साथ हुआ। शिविर में वैदिक शिक्षा, संस्कारों और सनातन संस्कृति के संरक्षण के साथ संगठन की भूमिका पर वक्ताओं ने विचार रखे।

मुख्य वक्ता एवं मार्गदर्शक दर्शनाचार्य आचार्य विवेक वरुण रुद्रपुर, उत्तराखंड से कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुकुल क्रांति और सुरक्षा क्रांति की गतिविधियों की जानकारी देते हुए दोनों प्रकल्पों से जुड़कर कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैदिक शिक्षा और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सामाजिक स्तर पर निरंतर प्रयास आवश्यक हैं।

बदायूं से आए आचार्य प्रणव और प्रयागराज से पहुंचीं मंजू तिवारी ने भी गुरुकुल की भूमिका और सनातन संस्कृति के संरक्षण से जुड़े विषयों पर विचार व्यक्त किए। वहीं ग्वालियर की शारदा और गांधीनगर की निर्मला ने भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में मुंबई से शालिनी जोशी, प्रयागराज से राजेंद्र कपूर, शामली से डॉ. विकास पंवार, दिल्ली से पुष्पा सहित विभिन्न स्थानों से आए लोगों ने सहभागिता की। आयोजन के दौरान उपस्थित लोगों ने गुरुकुल क्रांति और सुरक्षा क्रांति के उद्देश्यों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संयोजन आर्या प्रीति, नीरज आर्य और कैलाश ने किया। शिविर में राजा मंडी की पूर्व पार्षद प्रेमा वर्मा के अलावा अशोक नगर के अनेक गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

video

Pages