आगरा में चार्जिंग पर लगी स्कूटी में तेज धमाका, घर में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित निकाला
अवधपुरी में तड़के हादसा, पुलिसकर्मियों ने प्लास से खींचकर बाहर निकाली धू-धू कर जल रही स्कूटी; रामबाग की मॉडल शॉप में भी लगी भीषण आग
आगरा। आगरा में शुक्रवार देर रात और शनिवार तड़के आग की दो घटनाओं से अफरातफरी मच गई। अवधपुरी में घर के अंदर चार्जिंग पर लगी स्कूटी में अचानक तेज धमाका हुआ और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। जिस समय हादसा हुआ, घर में तीन लोग मौजूद थे। आसपास के लोगों और पुलिस की सक्रियता से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
चार्जिंग के दौरान स्कूटी में लगी आग
अवधपुरी में शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे घर में चार्जिंग पर लगी स्कूटी में अचानक तेज धमाका हुआ। इसके बाद स्कूटी में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से बढ़ने लगीं। घर में तीन लोगों के मौजूद होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घर के अंदर मौजूद तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में स्कूटी पूरी तरह जलकर स्वाह हो गई। पुलिसकर्मियों ने प्लास की मदद से स्कूटी को खींचकर घर से बाहर निकाला। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
रामबाग की मॉडल शॉप में भीषण आग
आग की दूसरी घटना शुक्रवार देर रात रामबाग क्षेत्र में हुई। यहां एक मॉडल शॉप में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और दुकान से धुआं उठने लगा। आग की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और दमकल की टीम पहुंची।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। दोनों घटनाओं में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।