डूडा की योजनाओं में देरी पर डीएम सख्त, टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर शुरू कराएं काम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 29 सितंबर 2026

डूडा की योजनाओं में देरी पर डीएम सख्त, टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर शुरू कराएं काम

डूडा की योजनाओं में देरी पर डीएम सख्त, टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कर शुरू कराएं काम

228 प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा, 2024-25 के 20 कार्य चल रहे; प्रधानमंत्री आवास योजना-1.0 में 40,240 लाभार्थियों को मिला लाभ

आगरा में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डूडा की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए।

228 प्रस्तावों की प्रगति की ली जानकारी

मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रस्तुत 228 प्रस्तावों की प्रगति की जानकारी जिलाधिकारी ने ली। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 20 कार्यों को स्वीकृति दी गई है और इन पर काम चल रहा है। डीएम ने सभी कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में 11 कार्यों को स्वीकृति मिलने के बाद उनकी टेंडर प्रक्रिया चल रही है। टेंडर प्रक्रिया में देरी पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से जवाब तलब किया और नियमानुसार प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

पीएम आवास योजना की भी समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-1.0 के तहत जिले में 40,240 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जा चुका है।

प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के तहत प्राप्त आवेदनों के सत्यापन की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सत्यापन के लिए लंबित सूची सभी संबंधित उप जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगली समीक्षा बैठक तक सत्यापन कार्य पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा अतुल गुप्ता, सभी उप जिलाधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

video

Pages