“आदर्श बाल वाटिका के लिए शिक्षकों को मिला प्रशिक्षण”
आगरा:-राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के परिपेक्ष्य में ब्लॉक स्तरीय ई.सी.सी.ई. मास्टर ट्रेनर/कोर ग्रुप प्रशिक्षण कार्यक्रम दिनांक 29 अगस्त से 1 सितम्बर 2026 को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कराया गया l इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण में 7 विकासखंडों सैंया, खंदौली, फतेहाबाद, जगनेर, पिनाहट, नगर क्षेत्र एवं बाह के प्रशिक्षणर्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया जिसमें नोडल एआरपी, नोडल शिक्षक संकुल, सीडीपीओ कुल 65 से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण के द्वितीय चरण के समापन पर डायट प्राचार्य विजय प्रताप सिंह ने कहा कि आदर्श बाल वाटिका ऐसी हो जो सभी बच्चों के चेहरे पर मुस्कुराहट ला सके और कक्षा एक के प्रवेश हेतु बच्चों को प्री प्राइमरी एजुकेशन के लिए बेहतर ढंग से तैयार कर सकें । प्रत्येक दिन के सत्रों को क्विज आधारित बनाया गया जिसमें फतेहाबाद ब्लॉक ने प्रथम तथा सैंया एवं खंदौली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया । प्रशिक्षण के समापन सभी शिक्षक संकुल, नोडल एआरपी एवं सीडीपीओ को वरिष्ठ प्रवक्ता विजय सिंह द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए । इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हम सभी को आदर्श बल वाटिका के रूप में विद्यालय को पूर्व प्राथमिक स्तर पर विकसित करने की आवश्यकता है। संदर्भदाता प्रवक्ता लक्ष्मी शर्मा, एसआरजी प्रीति सिंह, एआरपी कल्पना छोंकर एवं शिक्षक संकुल मीनाक्षी वर्मा ने तीन दिवसीय सभी सत्रों को गतिविधि आधारित बनाते हुए प्रशिक्षण प्रदान किया । बाल वाटिका- 3 के बच्चों के लिए आवश्यक दक्षताओं को गतिविधि आधारित बनाने एवं क्रियाशील बाल वाटिका निर्माण की अनेक तकनीकियों पर चर्चा करते हुए दैनिक वार पाठ योजना निर्माण की अवधारणा को भी स्पष्ट किया। प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयक प्रशिक्षण राजेश यादव प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय, अनिल कुमार, यशवीर सिंह प्रशासनिक अधिकारी मुकेश कुमार सिन्हा आदि का विशेष सहयोग रहा।