शादी से लौट रहे व्यक्ति से छिनैती का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई; दो तमंचे, कारतूस, नकदी व जेवरात बरामद
आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में शादी समारोह से लौट रहे व्यक्ति से हुई छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फतेहाबाद पुलिस, सर्विलांस सेल और एसओजी पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 7,100 रुपये नकद, दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा कारतूस, पीली धातु की नथनी व अंगूठी, सफेद धातु की कनौनी और घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई की रात करीब 11 बजे एक व्यक्ति रिश्तेदार की शादी से वापस घर लौट रहा था। रास्ते में अपाचे और स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात लोगों ने उसे रोककर पर्स छीन लिया और धक्का देकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर 21 जुलाई को थाना फतेहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए फतेहाबाद पुलिस के साथ सर्विलांस सेल और एसओजी पूर्वी जोन की संयुक्त टीम लगाई गई। 29 सितंबर को पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर प्रतापपुरा पुलिया के पास घेराबंदी कर अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान भाव सिंह और भीमसेन, दोनों निवासी ग्राम बमुरियाई, थाना निबोहरा के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, भाव सिंह के कब्जे से तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 3,600 रुपये, पीली धातु की नथनी और सफेद धातु की कनौनी बरामद हुई। वहीं भीमसेन के कब्जे से तमंचा, एक कारतूस, अंगूठी और 3,500 रुपये बरामद किए गए। आरोपियों से पूछताछ में पुलिस को छिनैती के सामान को ठिकाने लगाने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि छिनैती से मिला सामान वे फतेहाबाद की बाग कॉलोनी निवासी सुनार शिवकुमार पुत्र लायक सिंह को बेचते थे। इसके बाद पुलिस ने शिवकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है और उनके खिलाफ पूर्व में भी कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
कार्रवाई में थाना फतेहाबाद के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक इन्द्र कुमार, अनिल कुमार और सुमित कुमार, सर्विलांस सेल पूर्वी जोन के प्रभारी उपनिरीक्षक सचिन तोमर, एसओजी पूर्वी जोन के प्रभारी उपनिरीक्षक रजत शर्मा सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।