घर के बाहर से कार चोरी, सीसीटीवी से खुला राज; हरीपर्वत पुलिस ने आरोपी को दबोचा
ट्रांसपोर्ट नगर-मथुरा रोड के पास से लव बघेल गिरफ्तार, चोरी की वैगनआर बरामद
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र में घर के बाहर से कार चोरी किए जाने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की वैगनआर कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना हरीपर्वत में सूचना दी थी कि उसके घर के बाहर खड़ी कार को अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 180/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना के खुलासे के लिए थाना हरीपर्वत पुलिस की टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।
इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घटना में संलिप्त लव बघेल को ट्रांसपोर्ट नगर से मथुरा जाने वाली रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक वैगनआर कार बरामद की। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।