आगरा में एक करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, समय पर काम पूरा कराने के निर्देश
आगरा। जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की ओर से कराए जा रहे कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, निर्माण की स्थिति और पूरी हो चुकी परियोजनाओं के हस्तांतरण की प्रक्रिया की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का निर्माण पूरा हो चुका है, उनमें यदि कोई आवश्यक कार्य शेष है तो उसे शीघ्र पूरा कर संबंधित विभाग को हैंडओवर किया जाए, ताकि तैयार परिसंपत्तियों का उपयोग जनहित में शुरू हो सके।
बटेश्वर पर्यटन विकास से पुलिस भवनों तक हुई समीक्षा
बैठक में बटेश्वर स्थित प्राचीन पवित्र कुंड के पर्यटन विकास कार्य, राजकीय निर्माण संस्थान आगरा के एकेडमिक भवन, थाना छत्ता में 32 क्षमता वाले हॉस्टल बैरक एवं विवेचना कक्ष, 15वीं वाहिनी पीएसी आगरा में पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी अनुभाग के कार्यालय भवन समेत कई परियोजनाओं की प्रगति देखी गई।
इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अछनेरा के बालिका छात्रावास भवन, सैंया, अकोला, खेरागढ़ और फतेहाबाद में एकेडमिक ब्लॉक व बालिका छात्रावास भवन, पुलिस विभाग के आवासीय भवन, पुलिस लाइन में ट्रांजिट हॉस्टल, बमान बैलोट मार्ग से सिद्ध बाबा मंदिर मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण और एमएसएमई विभाग की फ्लैटेड फैक्ट्री समेत अन्य परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई।
डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनकी गुणवत्ता का परीक्षण और आवश्यक निरीक्षण कराकर हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों से संबंधित परियोजनाओं के हैंडओवर को प्राथमिकता से पूरा कराने के भी निर्देश दिए गए।
बटेश्वर में फसाड लाइटिंग का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश
पर्यटन विभाग की परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बटेश्वर में चल रहे पर्यटन विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय समन्वय के साथ सभी कार्य निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा। बटेश्वर में फसाड लाइटिंग की स्थापना की समीक्षा करते हुए विद्युत कनेक्शन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए, जिससे परियोजना का उपयोग शुरू हो सके।
सीएमआईएस पोर्टल पर अपडेट करनी होगी वास्तविक प्रगति
जिलाधिकारी ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, सीएंडडीएस, ग्रामीण अभियंत्रण सेवा, पुलिस आवास निगम, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम सहित सभी विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सीएमआईएस पोर्टल पर परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति नियमित रूप से अपडेट की जाए। परियोजनाओं से जुड़ी सभी सूचनाएं वास्तविक स्थिति के अनुसार पोर्टल पर दर्ज हों, ताकि शासन स्तर पर उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में संचालित विकास परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा कराना प्राथमिकता है। पूर्ण परियोजनाओं का शीघ्र हस्तांतरण कराकर उनका उपयोग जनहित में शुरू कराया जाए।
बैठक में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी खगेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेन्द्र वर्मा, जीके वार्ष्णेय समेत संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे।