होटल पीएल पैलेस के पास से बाइक चोरी, सीसीटीवी ने खोला राज; आरोपी गिरफ्तार
हरीपर्वत पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर बस अड्डे के पास लोकेश को दबोचा, निशानदेही पर दो चोरी की बाइक बरामद
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है। उसकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने थाना हरीपर्वत में तहरीर देकर बताया था कि उसकी मोटरसाइकिल होटल पीएल पैलेस के पास से अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 320/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लोकेश को ट्रांसपोर्ट नगर बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और 5,530 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।