ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था परखी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने खोली गईं सील
डीएम मनीष बंसल ने किया त्रैमासिक निरीक्षण, सीसीटीवी, अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा बलों की तैनाती का लिया जायजा
आगरा। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने सोमवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ सदर तहसील स्थित ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वेयरहाउस के दरवाजों पर लगी सील खोली गई और अंदर सुरक्षित रखी ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की स्थिति का जायजा लिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि वेयरहाउस में रखी सभी ईवीएम और वीवीपैट सुरक्षित हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत यहां 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के सामने जांची गई।
डीएम ने स्ट्रांग रूम और ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं लगातार दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता और सुरक्षा बलों की तैनाती समेत अन्य सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
निरीक्षण पूरा होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मौजूद अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भ्रमण पंजिका पर हस्ताक्षर किए। चुनाव आयोग के ईवीएम संबंधी दिशा-निर्देशों में भी वेयरहाउस के नियमित निरीक्षण तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोलने-बंद करने की प्रक्रिया का प्रावधान है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी नरसिंह सहित संबंधित अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।