पोषण माह में प्रत्येक गर्भवती व धात्री माता का पोषण होगा सुनिश्चित
- जनपद में बुधवार से शुरू होगा नौवां राष्ट्रीय पोषण माह
- आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए विशेष अभियान में घर-घर पहुंचाया जाएगा पोषण का संदेश
आगरा:-नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिले में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पात्र गर्भवती एवं धात्री माताओं का पंजीकरण कराने के साथ ही उन्हें योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर पोषण के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण की निगरानी करेंगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्या ने बताया कि नौ सितंबर से नौ अक्टूबर तक नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशों के क्रम में अभियान के दौरान पात्र गर्भवती और धात्री माताओं का विशेष पंजीकरण किया जाएगा। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर और संबंधित स्तर पर लंबित आवेदनों की लगातार समीक्षा कर पात्र लाभार्थियों के आवेदन सत्यापित कर अग्रसारित किए जाएंगे। लाभार्थियों को योजना का लाभ आसानी से मिल सके, इसके लिए आधार कार्ड का बैंक खाते और एनपीसीआई से लिंकेज सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया है। इसके अलावा योजना की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने कहा, "मां का पोषण मजबूत होगा तो बच्चे का भविष्य सुरक्षित होगा।" उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान कुपोषण पर रोक लगाने के लिए पोषण संबंधी संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों की नियमित निगरानी करने के साथ परिवारों को संतुलित आहार और पोषण के प्रति जागरूक करेंगी। योजना से लाभान्वित महिलाओं की सफलता की कहानियां और वीडियो भी संकलित किए जाएंगे।