आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित होगा राजकीय जिला पुस्तकालय - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 9 सितंबर 2026

आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित होगा राजकीय जिला पुस्तकालय

आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित होगा राजकीय जिला पुस्तकालय

जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में राजकीय जिला पुस्तकालय समिति की बैठक संपन्न

विद्यार्थियों और युवाओं के लिए ज्ञान व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर केंद्र बनेगा राजकीय जिला पुस्तकालय

जिलाधिकारी ने जिला राजकीय पुस्तकालय को आधुनिक एवं सुविधायुक्त अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित करने के दिए निर्देश

राजकीय जिला पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए विद्यार्थियों और युवाओं के लिए बेहतर अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का केंद्र बनाया जाएगा-जिलाधिकारी
 
आगरा:- जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में  राजकीय जिला पुस्तकालय आगरा भवन में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक संपन्न हुई। 
बैठक में जिला राजकीय पुस्तकालय के विकास, संवर्धन एवं उसे विद्यार्थियों तथा पाठकों के लिए अधिक लोकप्रिय एवं उपयोगी बनाने के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
पुस्तकालय अध्यक्ष द्वारा पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं, वर्तमान व्यवस्थाओं तथा आवश्यकताओं के संबंध में समिति को जानकारी दी गई। जिलाधिकारी महोदय ने पुस्तकालय की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने पुस्तकालय परिसर एवं शौचालय में नियमित साफ-सफाई के लिए नगर निगम के समन्वय से सफाई कर्मचारी की नियमित तैनाती सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में आवश्यक स्थानों पर स्वच्छता, हरित क्षेत्र की देखरेख तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुस्तकालय की तकनीकी स्थायी सामग्री/नॉन-कंज्यूमेबल सामग्री यथा फर्नीचर, मेज, कुर्सी, अलमारी आदि को सुव्यवस्थित करने पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी महोदय ने उपयोग में न आने वाली सामग्री के नियमानुसार निस्तारण हेतु समिति का गठन कर पारदर्शी प्रक्रिया के अंतर्गत नीलामी कराए जाने के निर्देश दिए गए। जिससे पुस्तकालय में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करते हुए पाठकों के लिए नवीन एवं उपयोगी सुविधाएं विकसित की जा सकें। 
बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने पाठकों के अध्ययन को और अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए वाचनालय के हॉल में दो एसी लगाए जाने के निर्देश दिए, इससे विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर एवं आरामदायक अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।
बैठक में पुस्तकालय को विद्यार्थियों एवं युवाओं की आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक उपयोगी बनाने के लिए नवीन पाठ्यक्रमों पर आधारित प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकों की उपलब्धता बढ़ाने पर भी चर्चा की गई। इसके लिए जिलाधिकारी महोदय ने जनपद स्तर पर कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के माध्यम से पुस्तकालय के विकास एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाने के निर्देश दिए गए।
महिला पाठकों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाचनालय में महिला होमगार्ड की तैनाती किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही महिला पाठकों के लिए आवश्यक सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर भी समिति द्वारा विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि राजकीय जिला पुस्तकालय को विद्यार्थियों और युवाओं के लिए ज्ञान, अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर केंद्र बनाया जाए। पुस्तकालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी एवं पाठक इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में पुस्तकालय के विकास से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए समिति की न्यूनतम दो बैठकें प्रत्येक छह माह में आयोजित किए जाने पर भी जोर दिया गया, जिससे विकास कार्यों एवं आवश्यक सुविधाओं की निरंतर समीक्षा सुनिश्चित हो सके।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी महोदय ने जिला राजकीय पुस्तकालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधितों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक रविंद्रपाल सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ राकेश सिंह, प्रतिमा भार्गव सहित पुस्तकालय अध्यक्ष, जिला राजकीय पुस्तकालय समिति के सदस्यगण रहे।
---------------------------------

video

Pages