डीएम के सख्त रुख का असर: एमजी रोड की बदहाली दूर करने में जुटी मेट्रो, बैरिकेडिंग हटाकर तेज हुआ सड़क निर्माण
आगरा कॉलेज से धाकरान तक सड़क गड्ढामुक्त, कारपेंटिंग और रोलर वर्क जारी; प्रमुख मार्गों पर जाम से मिलेगी राहत
आगरा। बारिश और मेट्रो निर्माण के चलते बदहाल हुई एमजी रोड की तस्वीर अब बदलने लगी है। आमजन की परेशानी और लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल के सख्त निर्देश के बाद यूपीएमआरसी ने सड़क सुधार कार्य तेज कर दिया है। मेट्रो निर्माण पूरा हो चुके हिस्सों से अनावश्यक बैरिकेडिंग हटाकर सड़क की मरम्मत और कारपेंटिंग का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। इससे एमजी रोड समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात सुगम होने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने आमजन को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मेट्रो अधिकारियों को तलब कर सड़क सुधार और अनावश्यक बैरिकेडिंग तत्काल हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद यूपीएमआरसी ने उन स्थानों पर काम तेज कर दिया है, जहां यू-गर्डर रखे जा चुके हैं अथवा मेट्रो के पिलर का निर्माण पूरा हो चुका है।
शहर के सर्वाधिक यातायात दबाव वाले आगरा कॉलेज, रावली मंदिर और कलेक्ट्रेट एमजी रोड क्षेत्र में सड़क को गड्ढामुक्त करने के साथ कारपेंटिंग और रोलर वर्क कराया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार एमजी रोड पर आगरा कॉलेज से धाकरान तक रोड कारपेंटिंग शुरू कर दी गई है और रोलिंग वर्क लगातार जारी है।
सोमवार रात एमजी रोड पर पिलर संख्या 186 से 171 तक एक साइड का सड़क निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया। अन्य हिस्सों में भी मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। सड़क सुधार के साथ-साथ जहां निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, वहां बैरिकेडिंग हटाई जा रही है, जिससे वाहनों को अधिक जगह मिल सके और यातायात का दबाव कम हो।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी मेट्रो निर्माण के चलते अनावश्यक बैरिकेडिंग लगी है, उसे तत्काल हटाकर आमजन के आवागमन को सुगम बनाया जाए। यूपीएमआरसी की ओर से भी प्रमुख मार्गों पर सड़क सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है।