आगरा। विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में मंगलवार को वर्चुअल बैठक आयोजित कर मतदान की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मतदान दिवस 23 अक्टूबर को निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किए जाने की जानकारी दी।
बैठक में जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की व्यवस्था, बूथवार माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पोलिंग पार्टियों की रवानगी, पीठासीन अधिकारियों को मतदान सामग्री उपलब्ध कराने, वाहनों की व्यवस्था, पोलिंग पार्टियों के रात्रि विश्राम और कंट्रोल रूम की तैयारियों की समीक्षा की। इसके साथ ही स्ट्रांग रूम, मतदेय स्थलों और पोलिंग पार्टियों की सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली गई।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 22 अक्टूबर को पीठासीन अधिकारियों को टेबलवार मतदान सामग्री उपलब्ध कराते हुए पोलिंग पार्टियों की समय से रवानगी सुनिश्चित की जाए। मतदान के दौरान प्रत्येक बूथ पर वीडियोग्राफी कराने के भी निर्देश दिए गए। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
23 अक्टूबर को मतदाताओं को विशेष आकस्मिक अवकाश
जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों तथा आयुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर के पत्र संख्या 116/एलबीए/2026, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 के क्रम में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के लिए 23 अक्टूबर 2026 को विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया गया है।इसका उद्देश्य संबंधित मतदाताओं को मतदान के लिए समय उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।