मॉडल श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार, आगरा के होटल में 24 घंटे रुकी थी - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 21 अक्टूबर 2026

मॉडल श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार, आगरा के होटल में 24 घंटे रुकी थी

मॉडल श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार, आगरा के होटल में 24 घंटे रुकी थी

आगरा। कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार चल रही 50 हजार रुपये की इनामी मॉडल श्रद्धा दुबे को उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ ने श्रद्धा के साथ उसकी बहन रश्मि दुबे और चालक दानिश को भी हिरासत में लिया है। तीनों को पूछताछ के लिए लखनऊ लाए जाने की बात सामने आ रही है। श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद शिवा शर्मा की मौत के मामले में जांच आगे बढ़ने की उम्मीद है।शिवा शर्मा की मौत के बाद फरार चल रही श्रद्धा दुबे के आगरा में करीब 24 घंटे ठहरने की जानकारी सामने आई थी। बताया जा रहा है कि वह ताजनगरी फेज-1 स्थित ओम पैलेस होटल में रुकी थी। होटल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सामने आने की बात कही जा रही है।बताया जा रहा है कि 17 अक्टूबर की सुबह 6:33 बजे श्रद्धा से जुड़ी बताई जा रही एक गाड़ी ओम पैलेस होटल पहुंची। करीब 20 मिनट बाद सुबह 6:53 बजे श्रद्धा होटल में दाखिल हुई। जिस गाड़ी से उसके पहुंचने की बात कही जा रही है, उसका नंबर यूपी 32 आरटी 8043 बताया गया है। पुलिस अब आगरा में उसके ठहरने और होटल से जुड़े घटनाक्रम की भी जांच कर सकती है।दरअसल, कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में नौ अक्टूबर 2026 को थाना हजरतगंज में रंजना शर्मा की लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 216/2026 दर्ज किया गया था। इसमें धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले में श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और चालक दानिश फरार चल रहे थे। पुलिस की ओर से तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।नागपुर से गिरफ्तारी के बाद अब एसटीएफ तीनों से पूछताछ करेगी। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि शिवा शर्मा की मौत से पहले और बाद में आरोपी कहां-कहां रहे और उनके संपर्क में कौन-कौन लोग थे। आगरा में श्रद्धा के करीब 24 घंटे रुकने की जानकारी भी जांच के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

video

Pages