दशहरा पर यातायात व्यवस्था को लेकर अफसरों ने संभाला मोर्चा, कंट्रोल रूम और रामलीला मैदान का किया निरीक्षण
आगरा। विजयादशमी पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए आगरा पुलिस ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दीं। अपर पुलिस आयुक्त आगरा सचिंद्र पटेल और पुलिस उपायुक्त यातायात ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद ने स्मार्ट सिटी ट्रैफिक कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS), सीसीटीवी कैमरों, डिजिटल मैपिंग और लाइव ट्रैफिक मॉनिटरिंग व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपर पुलिस आयुक्त ने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे और तकनीकी उपकरण पूरी क्षमता के साथ क्रियाशील रहें। प्रमुख मंदिरों, संवेदनशील चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर यातायात का दबाव बढ़ने या जाम की स्थिति बनने पर तत्काल वैकल्पिक मार्गों पर यातायात डायवर्ट कर व्यवस्था सुचारु की जाए।
उन्होंने दशहरा आयोजन समाप्त होने के बाद रामलीला मैदान और अन्य आयोजन स्थलों से श्रद्धालुओं की सुरक्षित और व्यवस्थित निकासी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए, जिससे एक साथ बढ़ने वाले यातायात दबाव को नियंत्रित किया जा सके।
PA सिस्टम से दी जाएगी यातायात की जानकारी
अपर पुलिस आयुक्त ने पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं और आमजन को यातायात नियमों, वैकल्पिक मार्गों और सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी लगातार प्रसारित करने के निर्देश दिए। इसका उद्देश्य लोगों को समय रहते यातायात व्यवस्था में बदलाव और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराना है।
पुलिस उपायुक्त यातायात ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद ने कहा कि आधुनिक तकनीक, रियल टाइम ट्रैफिक मॉनिटरिंग और त्वरित समन्वय के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।
रामलीला मैदान पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था परखी
इसके बाद अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने पुलिस उपायुक्त नगर के साथ थाना रकाबगंज क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान में दशहरा मेला और रावण दहन स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही के इंतजामों का जायजा लिया।
अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, भीड़ को नियंत्रित रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही विजयादशमी पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय आयोजकों से संवाद कर रावण दहन और मेले से संबंधित तैयारियों की जानकारी भी ली। पुलिस अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।