24 घंटे में टप्पेबाजी गैंग का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
₹3.83 लाख नकद, चूरन वाले नकली नोटों की 250 गड्डियां, कार और बाइक बरामद
आगरा। पुलिस कमिश्नर आगरा दीपक कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना ताजगंज पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने टप्पेबाजी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से ₹3,83,000 की नकदी, चूरन वाले नकली नोटों की 250 गड्डियां, एक कार, एक मोटरसाइकिल समेत टप्पेबाजी में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान बरामद किया गया है।
संयुक्त पुलिस टीम ने घटना के बाद तेजी से कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। सर्विलांस और एसओजी की मदद से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में टप्पेबाजी से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा होने की बात सामने आई है।
पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है। महज 24 घंटे में गैंग तक पहुंचकर गिरफ्तारी और बड़ी मात्रा में नकदी व सामान बरामद किए जाने से पुलिस टीम की कार्यशैली की भी चर्चा है।
आगरा पुलिस का कहना है कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा और आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।