आगरा। जनकपुरी महोत्सव में उमड़ी भीड़ का फायदा उठाकर व्यापारी नेता के छोटे भाई की पत्नी के हाथों से सोने की चूड़ियां चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चूड़ी कटिंग गिरोह के दो सदस्यों को सिकंदरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई सोने की चूड़ियां भी बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपित महाराष्ट्र के ठाणे के रहने वाले हैं और महोत्सवों में भीड़ के बीच वारदात को अंजाम देते थे।डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि आठ अक्टूबर को शाहगंज निवासी व्यापारी नेता हेमंत भोजवानी अपने परिवार के साथ जनकपुरी महोत्सव में आए थे। जनकपुरी महल के दर्शन के दौरान उनके छोटे भाई किशोर कुमार की पत्नी राधिका के हाथों से करीब 30 ग्राम वजन की दो सोने की चूड़ियां निकाल ली गई थीं। घटना के संबंध में नौ अक्टूबर को सिकंदरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।पुलिस ने वारदात के बाद घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की। फुटेज में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपितों की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम 13 अक्टूबर को महाराष्ट्र रवाना हुई और दबिश देकर गिरोह के दो सदस्यों इरफान और गणेश को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वह अलग-अलग महोत्सवों और धार्मिक आयोजनों में उमड़ने वाली भीड़ को निशाना बनाते थे। भीड़ में घुसकर महिलाओं के हाथों से चूड़ियां और अन्य जेवरात चोरी कर फरार हो जाते थे। पुलिस दोनों आरोपितों से गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।
जनकपुरी महोत्सव में चूड़ी कटिंग करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार