त्योहारों से पहले आगरा में डेयरियों पर एफएसडीए की छापेमारी, 35 किलो घी जब्त
शहर से देहात तक खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, पनीर-दूध-दही-घी समेत 21 नमूने लिए; जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए
आगरा। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने आगरा में विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत एफएसडीए की टीमों ने शहर से लेकर बाह और जगनेर तक विभिन्न डेयरियों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर जांच की। कार्रवाई के दौरान कुल 21 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जबकि 35 किलोग्राम घी जब्त किया गया। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
एफएसडीए की टीमों ने गोबर चौकी स्थित शान डेयरी पर कार्रवाई करते हुए घी और पनीर के दो नमूने लिए। टीम ने मौके से 35 किलोग्राम घी भी जब्त किया। फरैरा, बाह स्थित नंद गोपाल जी डेयरी और श्री राजेश एंटरप्राइजेज से पनीर के एक-एक नमूने लिए गए।
मुस्तफा क्वार्टर स्थित पंडित जी डेयरी से दही का नमूना संग्रहित किया गया। वहीं जगनेर स्थित श्याम बाबा डेयरी और सलमान डेयरी से मिश्रित दूध के दो, पनीर का एक और खोया का एक नमूना लिया गया।
रिटेल स्टोरों पर भी पहुंची टीम
डेयरियों के अलावा एफएसडीए की टीम ने खाद्य सामग्री बेचने वाले रिटेल स्टोरों की भी जांच की। मारुति एस्टेट, बोदला स्थित बाबा प्रोविजन स्टोर से मखाना, काजू, घी के तीन और खाद्य तेल का एक नमूना समेत कुल छह नमूने लिए गए।
सिकंदरा स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड से स्नैकटैक गुलाब जामुन, बीकाजी काजू कतली, गोवर्धन घी, गुड लाइफ साबूदाना, पनीर और मिश्रित दूध के कुल छह नमूने संग्रहित किए गए।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
एफएसडीए के अनुसार अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 21 नमूने संग्रहित किए गए हैं और 35 किलोग्राम घी जब्त किया गया है। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री में निर्धारित मानकों तथा स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही आम लोगों से भी त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है। मिलावट से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी विभाग को देने का आग्रह किया गया है।