आगरा में आज CM योगी का दौरा, टाटा ग्राउंड में जनसभा और शिवाजी म्यूजियम का निरीक्षण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

आगरा में आज CM योगी का दौरा, टाटा ग्राउंड में जनसभा और शिवाजी म्यूजियम का निरीक्षण

आगरा में आज CM योगी का दौरा, टाटा ग्राउंड में जनसभा और शिवाजी म्यूजियम का निरीक्षण


एमएलसी शिक्षक-स्नातक चुनाव के बीच आगरा पहुंचेंगे मुख्यमंत्री, डीएम मनीष बंसल ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का लिया जायजा

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को आगरा दौरे पर रहेंगे। उनके प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री फतेहाबाद रोड स्थित टाटा ग्राउंड में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम का निरीक्षण करेंगे और दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से भी मुलाकात करेंगे।

23 अक्टूबर को होने वाले एमएलसी शिक्षक और स्नातक निर्वाचन के मद्देनजर यह कार्यक्रम रखा गया है। आगरा खंड में शिक्षक और स्नातक दोनों सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 12 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।

डीएम ने टाटा ग्राउंड से म्यूजियम तक परखी व्यवस्थाएं

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने गुरुवार को टाटा ग्राउंड, निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम सहित अन्य संबंधित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने जनसभा स्थल पर व्यवस्थाओं, पार्किंग, यातायात और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरा करने और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न होने के निर्देश दिए। 

80 फीसदी पूरा हुआ शिवाजी म्यूजियम का निर्माण

आगरा के सांस्कृतिक पर्यटन को नई दिशा देने वाली निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम परियोजना का करीब 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। प्रशासन के अनुसार शेष निर्माण कार्य को 15 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही म्यूजियम में क्यूरेशन का काम भी समानांतर रूप से चल रहा है।

अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान सीडीओ प्रतिभा सिंह, नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य, डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हेमंत कुमार, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एडीएम वित्त एवं राजस्व, एडीएम नागरिक आपूर्ति प्रशांत कुमार, एडीसीपी ट्रैफिक अलका, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, डीसी एनआरएलएम प्रेमचंद, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राघवेंद्र वर्मा, एसडीएम सदर विक्रम राघव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन का फोकस मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के साथ-साथ यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर है।

video

Pages