आगरा में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं पर हंसल मेहता ने डीएम मनीष बंसल से की मुलाकात
फिल्मकारों के लिए आसान और पारदर्शी व्यवस्था पर हुई चर्चा, सिंगल विंडो क्लीयरेन्स सिस्टम से बढ़ रही शूटिंग की संभावनाएं
आगरा। भारतीय सिनेमा के चर्चित फिल्म निर्माता-निर्देशक हंसल मेहता ने जिलाधिकारी मनीष बंसल से मुलाकात की। इस दौरान आगरा में फिल्मों की शूटिंग की संभावनाओं, फिल्मकारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और उत्तर प्रदेश की फिल्म अनुकूल नीतियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। आगरा के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को फिल्मांकन के लिए उपयोगी बताते हुए जिले में फिल्म शूटिंग को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने प्रदेश में लागू सिंगल विंडो क्लीयरेन्स सिस्टम के बारे में जानकारी दी। बताया गया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से लागू यह व्यवस्था फिल्मकारों को विभिन्न विभागों से अनुमति लेने की प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों को शूटिंग की अनुमति लेने में सहूलियत मिल रही है।
फिल्म बंधु पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
जिला प्रशासन के अनुसार आगरा फिल्म बंधु पोर्टल के माध्यम से क्षेत्रीय फिल्मों के साथ-साथ बॉलीवुड फिल्मों की शूटिंग के लिए भी एक प्रमुख स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। फिल्मकार देश-दुनिया के किसी भी हिस्से से ऑनलाइन माध्यम से फिल्म शूटिंग की अनुमति और अनुदान के लिए आवेदन कर सकते हैं।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित फिल्म प्रमोशन एंड फैसिलिटेशन कमेटी द्वारा सिंगल विंडो क्लीयरेन्स सिस्टम के माध्यम से फिल्म शूटिंग की अनुमति की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा रहा है। प्रशासन के मुताबिक फिल्मों की शूटिंग के लिए लगातार अनुमति प्रदान की जा रही है, जिससे आगरा में फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।
सामाजिक सरोकारों पर आधारित फिल्मों के लिए चर्चित हैं हंसल मेहता
हंसल मेहता भारतीय सिनेमा में सामाजिक सरोकारों और वास्तविक घटनाओं पर आधारित गंभीर विषयों को पर्दे पर प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने विभिन्न विषयों और शैलियों में फिल्मों तथा वेब सीरीज का निर्देशन किया है।
उनकी चर्चित फिल्मों में जयते, दिल पे मत ले यार!!, छल, शाहिद, सिटीलाइट्स, अलीगढ़, सिमरन, ओमेर्टा, छलांग, फराज और द बकिंघम मर्डर्स शामिल हैं। वहीं स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी और स्कूप जैसी चर्चित वेब सीरीज के निर्देशन से भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
आगरा में फिल्म शूटिंग को लेकर हुई इस मुलाकात को जिले में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य और विविध लोकेशन के कारण आगरा लंबे समय से फिल्मकारों के आकर्षण का केंद्र रहा है।