भदरोली चौराहे पर महिलाओं से अश्लील छींटाकशी, दो आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

भदरोली चौराहे पर महिलाओं से अश्लील छींटाकशी, दो आरोपी गिरफ्तार

भदरोली चौराहे पर महिलाओं से अश्लील छींटाकशी, दो आरोपी गिरफ्तार


मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई, अश्लील गाने गाने का भी आरोप

आगरा। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-06 के तहत थाना पिनाहट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं और बालिकाओं को देखकर कथित तौर पर अश्लील छींटाकशी और अश्लील गाने गाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई से ऐसे लोगों में खलबली मच गई।

कमिश्नरेट आगरा के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त पूर्वी के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन के बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है। पुलिस द्वारा 1090 और 1098 हेल्पलाइन के साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में नजदीकी थाने को सूचना देने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत थाना पिनाहट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भदरोली चौराहे पर दो व्यक्ति रास्ते से आने-जाने वाली महिलाओं, बालिकाओं और यात्रियों को देखकर अश्लील छींटाकशी कर रहे हैं तथा अश्लील गाने गा रहे हैं।

सूचना मिलते ही थाना पिनाहट की मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को भदरोली चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहर सिंह पुत्र साधू सिंह और प्रदीप पुत्र जयपाल के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पिनाहट में मुकदमा संख्या 164/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

video

Pages