आगरा:-जमीन की कूटरचित दस्तावेजों के जरिए खरीद-फरोख्त और धोखाधड़ी के मामले में थाना एकता पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सूरजभान त्यागी को तहसील तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।थाना एकता पर वादी ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सूरजभान ने उसकी जमीन के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन को धोखाधड़ी से दीपेन्द्र अरेला के नाम करा दिया। आरोप है कि दीपेन्द्र के साथ इकरारनामे के गवाह अमित यादव और उत्सव राजपूत को भी इस जमीन के संबंध में पूरी जानकारी थी कि भूमि वादी की है।
वादी के अनुसार वह अपने पुत्र के साथ जमीन पर काम कर रहा था, तभी चारों आरोपी वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने वादी के पुत्र के साथ धक्का-मुक्की कर उसे जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए डराया गया।
तहरीर के आधार पर थाना एकता में मुकदमा अपराध संख्या 375/2026 के तहत धारा 338, 336(2), 340(2), 115(2), 352 और 351(3) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।