आगरा:-फतेहाबाद थाना क्षेत्र में हुए भोला चौहान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना फतेहाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोनू पुत्र खेत सिंह, निवासी बिजौलपुरा को अरनौट पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार राजा का पुरा निवासी महेश चंद्र पुत्र दीवान सिंह ने 23 अक्टूबर 2026 को थाना फतेहाबाद में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 22 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे गांव के कुछ लोग उनके छोटे भाई भोला चौहान को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद रात में राकेश के मकान के पास भोला चौहान की हत्या कर दी गई थी।
मामले में थाना फतेहाबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 299/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण और नामजद एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीमों का गठन किया गया।29 अक्टूबर को थाना फतेहाबाद पुलिस टीम वांछित आरोपियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोनू को अरनौट पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 36 वर्ष है।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मुकदमे में धारा 103(1), 238 एवं 61(2) बीएनएस की कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक सागर सिंह, उपनिरीक्षक प्रियान्शु कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मोहनवीर सिंह और कांस्टेबल शुभम शामिल रहे।