खेत के विवाद ने लिया खूनी रूप, किशोरी की मौत के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

खेत के विवाद ने लिया खूनी रूप, किशोरी की मौत के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

खेत के विवाद ने लिया खूनी रूप, किशोरी की मौत के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

निबोहरा के गढ़ी धर्मजीत में फायरिंग के बाद पुलिस की कार्रवाई, मुख्य आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी राइफल और 15 कारतूस बरामद

आगरा। थाना निबोहरा क्षेत्र के गढ़ी धर्मजीत गांव में खेत से मिट्टी उठाने और पशुओं के खेत में आने-जाने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रविवार शाम हुई फायरिंग में गोली लगने से 18 वर्षीय किशोरी बृजेश की मौत हो गई, जबकि जितेंद्र, अजमेर सिंह समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फायरिंग की घटना में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, गांव में खेत से मिट्टी उठाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी विवाद के बाद एक पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और फायरिंग कर दी। गोली लगने से बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

मामले में हरेंद्र पुत्र अजमेर सिंह की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। तहरीर में पड़ोसी रमेशचंद्र पुत्र चंद्रभान, उसकी पत्नी मल्ला देवी, बेटे पुरुषोत्तम उर्फ साधु, बहू मिथिलेश, साहब सिंह, प्रताप सिंह, सुखराम समेत अन्य अज्ञात लोगों पर हमला और फायरिंग करने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम उर्फ साधु समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल और 15 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद हथियार को कब्जे में लेकर घटना में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।

फायरिंग की इस घटना के बाद पुलिस ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया है। वहीं मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों और अज्ञात आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, आरोपियों की भूमिका और घटना के पूरे घटनाक्रम को साक्ष्यों के आधार पर जांच में शामिल किया जा रहा है।

video

Pages