आगरा। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 के आयोजन के चलते आगरा में शुक्रवार, 30 अक्टूबर को कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों में शैक्षणिक अवकाश रहेगा। जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। आदेश सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा।
उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से PET-2026 का आयोजन 30 अक्टूबर को किया जा रहा है। परीक्षा के लिए आगरा में 49 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से आयोजित होगी।
परीक्षा केंद्रों पर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की मौजूदगी और यातायात व्यवस्था को देखते हुए आयोग की ओर से परीक्षा वाले जिलों में शैक्षणिक अवकाश घोषित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत आगरा में भी 30 अक्टूबर को कक्षा 12वीं तक के विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से जारी आदेश के मुताबिक यह अवकाश सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू रहेगा। इसमें राजकीय, सहायता प्राप्त, वित्तविहीन विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के विद्यालय भी शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस-प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।