जनकपुरी महोत्सव के समापन पर पहुंचे पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, स्वरूपों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
मंचन करने वाले कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना, पुलिस आयुक्त ने व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा
आगरा। श्री जनकपुरी महोत्सव-2026 के भव्य समापन कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार ने सहभागिता की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर उन्होंने महोत्सव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने महोत्सव में भगवान श्रीराम सहित विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन करने वाले स्वरूपों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस आयुक्त ने मंचन करने वाले स्वरूपों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और महोत्सव में उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्री जनकपुरी महोत्सव भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और पारंपरिक मूल्यों का प्रतीक माना जाता है। महोत्सव के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही समाज में श्रद्धा, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को भी मजबूती मिलती है।
समापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही। पुलिस प्रशासन की ओर से महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं।