दयालबाग में डॉक्टर के चैंबर में घुसकर लूटपाट, न्यू आगरा पुलिस ने पांच बदमाशों को दबोचा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 24 अक्टूबर 2026

दयालबाग में डॉक्टर के चैंबर में घुसकर लूटपाट, न्यू आगरा पुलिस ने पांच बदमाशों को दबोचा

दयालबाग में डॉक्टर के चैंबर में घुसकर लूटपाट, न्यू आगरा पुलिस ने पांच बदमाशों को दबोचा

रैकी के बाद वारदात को दिया अंजाम, तमंचा-कारतूस, लूटी गई चेन-मोबाइल और बिना नंबर प्लेट की थार बरामद; एक आरोपी वांछित

आगरा:-दयालबाग क्षेत्र में क्लीनिक पर बैठे डॉक्टर को निशाना बनाकर चेन और मोबाइल लूटने वाले गिरोह का थाना न्यू आगरा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तमंचा, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई पीली धातु की चेन, मोबाइल फोन, अन्य सामान, नकदी और बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी बरामद की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी मनीष उर्फ मनिया वांछित है।जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात करीब 9:40 बजे डॉक्टर अपने क्लीनिक में बैठे थे। इसी दौरान तीन बदमाश चैंबर में घुस आए और तमंचा दिखाकर उनके गले से चेन तोड़ ली तथा मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना न्यू आगरा पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की और शुक्रवार, 23 अक्टूबर को ग्राम बहादुरपुर तिराहे के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पहले की रैकी, फिर बनाई लूट की योजना

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने शीतला धाम कॉलोनी के निकट जनक महल चौराहे के पास स्थित डॉक्टर के क्लीनिक की पहले रैकी की थी। आरोपी करन डॉक्टर से झूठा बहाना बनाकर मिलने भी गया था, लेकिन क्लीनिक पर भीड़ होने के कारण उस समय वारदात को अंजाम नहीं दे सके।आरोप है कि 20 अक्टूबर की रात करन, आदित्य और मनीष उर्फ मनिया क्लीनिक के अंदर घुसे, जबकि ओमप्रकाश बाहर से नजर रख रहा था। सार्थक शर्मा और रोहित थार गाड़ी में बैठे थे। पुलिस के अनुसार, वारदात के दौरान करन और मनीष के पास तमंचा था। डॉक्टर को तमंचा दिखाकर चेन और मोबाइल लूटने के बाद आरोपी बिना नंबर प्लेट की थार से फरार हो गए।

तमंचा, कारतूस और आठ मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, आठ मोबाइल फोन, पीली धातु की एक चेन, पीली धातु की दो बालियां, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी और 6,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद आठ मोबाइल फोन में एक मोबाइल इस घटना से संबंधित बताया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

गिरफ्तार आरोपियों में करन पुत्र ओवरन सिंह निवासी ग्राम जावरा, थाना मांट, जनपद मथुरा; ओमप्रकाश पुत्र सीताराम निवासी ग्राम टिपरौली, थाना मांट, जनपद मथुरा; सार्थक शर्मा पुत्र संजय शर्मा निवासी वृंदावन, थाना कोतवाली वृंदावन, जनपद मथुरा; रोहित पुत्र विजयपाल निवासी ग्राम कसेरा, थाना मांट, जनपद मथुरा और आदित्य प्रताप सिंह उर्फ कृष्णा पुत्र सुजीत सिंह निवासी ग्राम कसेरा, थाना मांट, जनपद मथुरा शामिल हैं। वहीं, मनीष उर्फ मनिया को पुलिस ने वांछित बताया है।

video

Pages