ताजमहल के आसपास पर्यटकों को घेरकर करते थे परेशान, पर्यटन पुलिस ने पांच लपकों को दबोचा
होटल बुकिंग से लेकर गाइड उपलब्ध कराने तक के नाम पर पर्यटकों से कर रहे थे संपर्क, न्यायालय में पेश
आगरा। ताजमहल घूमने आने वाले पर्यटकों को घेरकर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करने वाले लपकों और हॉकरों के खिलाफ पर्यटन पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को थाना पर्यटन पुलिस ने ताजमहल के आसपास पर्यटकों को घेरने और उन्हें ताजमहल घुमाने, होटल बुक कराने तथा गाइड उपलब्ध कराने के नाम पर परेशान करने वाले पांच लपकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
कमिश्नरेट आगरा एवं पुलिस उपायुक्त नगर की ओर से पर्यटन स्थलों के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों, हॉकरों और अवैध गाइडों पर प्रभावी रोकथाम के लिए अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत थाना पर्यटन पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 10 अक्टूबर 2026 को थाना पर्यटन पुलिस टीम पर्यटन स्थल ताजमहल के आसपास गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि कुछ लपके पर्यटकों को घेरकर उन्हें ताजमहल घुमाने, होटल बुक कराने, गाइड उपलब्ध कराने सहित अन्य सेवाओं के नाम पर अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं।
सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पर्यटन ने पुलिस टीम के साथ तत्काल कार्रवाई की। टीम ने मौके पर पहुंचकर पर्यटकों को परेशान करने और अव्यवस्था फैलाने वाले पांच लपकों को गिरफ्तार कर लिया।
पर्यटन पुलिस का कहना है कि ताजमहल सहित आगरा के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार चेकिंग और कार्रवाई जारी रहेगी।