विधान परिषद चुनाव के लिए आगरा में कंट्रोल रूम सक्रिय, शिकायतों के लिए जारी किए नंबर - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026

विधान परिषद चुनाव के लिए आगरा में कंट्रोल रूम सक्रिय, शिकायतों के लिए जारी किए नंबर

विधान परिषद चुनाव के लिए आगरा में कंट्रोल रूम सक्रिय, शिकायतों के लिए जारी किए नंबर

निर्वाचन संबंधी शिकायत या समस्या के लिए 0562-2971483, 0562-2971983 और 0562-2260550 पर कर सकते हैं संपर्क; 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को होगी मतगणना

आगरा। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने निर्वाचन नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया है। निर्वाचन से संबंधित किसी भी शिकायत, समस्या अथवा सूचना के लिए प्रशासन ने कंट्रोल रूम के तीन दूरभाष नंबर जारी किए हैं। नागरिक 0562-2971483, 0562-2971983 और 0562-2260550 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल के निर्देशन में कार्यालय नागरिक सुरक्षा, कलक्ट्रेट आगरा में निर्वाचन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। प्रशासन के अनुसार नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर लगातार क्रियाशील रहेंगे, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाली शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध ढंग से निस्तारण किया जा सके।उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित किया गया है। 

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 23 अक्टूबर 2026 को निर्धारित मतदेय स्थलों पर मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर 2026 को सुबह 8 बजे से शुरू होगी।निर्वाचन नियंत्रण कक्ष के नोडल अधिकारी एडीएम प्रोटोकॉल अमरेंद्र कुमार वर्मा होंगे। वहीं मुकेश जैन, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत आगरा तथा मुनेश कुमार गुप्ता, उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा आगरा को सहायक प्रभारी नामित किया गया है।

जिला प्रशासन ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मतदाताओं से अपील की गई है कि निर्वाचन से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत की स्थिति में जारी किए गए कंट्रोल रूम नंबरों पर संपर्क करें।

video

Pages