अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने नवीन गल्ला मंडी स्थित स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण, एत्मादपुर और खंदौली के मतदान केंद्रों पर भी परखी सुरक्षा व्यवस्था
आगरा। विधान परिषद निर्वाचन-2026 के तहत आज 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए कमिश्नरेट आगरा पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। पुलिस आयुक्त आगरा दीपक कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने नवीन गल्ला मंडी स्थित स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त आगरा, जिलाधिकारी आगरा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अपर पुलिस आयुक्त ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन से जुड़ी सभी सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने तथा मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही मतदान को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए सकुशल रवाना किया गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कीं।
इसी क्रम में अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने जिलाधिकारी आगरा के साथ क्षेत्र पंचायत कार्यालय एत्मादपुर एवं क्षेत्र पंचायत कार्यालय खंदौली स्थित मतदान बूथों का भ्रमण किया। दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।कमिश्नरेट आगरा पुलिस ने स्पष्ट किया कि विधान परिषद निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।