अरतौनी में दर्दनाक हादसा, मां और दो साल के बेटे की मौत - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026

अरतौनी में दर्दनाक हादसा, मां और दो साल के बेटे की मौत

अरतौनी में दर्दनाक हादसा, मां और दो साल के बेटे की मौत

आगरा:- सिकंदरा थाना क्षेत्र के अरतौनी में गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में मां और उसके दो साल के बेटे की मौत हो गई, जबकि पांच साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब महिला अपने पति और दोनों बच्चों के साथ करवाचौथ का सामान लेकर घर लौट रही थी। मथुरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे परिवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया।

बताया गया है कि अरतौनी निवासी अंजू अपने पति आकाश और दो बच्चों दो वर्षीय अंशु तथा पांच वर्षीय आकांक्षा के साथ गुरुवार को करवाचौथ का सामान लेने बाजार गई थी। दोपहर करीब एक बजे परिवार अरतौनी पर उतरने के बाद रेलिंग के रास्ते निकल रहा था। इसी दौरान मथुरा की ओर से तेज रफ्तार में आई कार ने अंजू और उसके दोनों बच्चों को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि अंजू और उसके दो साल के बेटे अंशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय आकांक्षा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घायल बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलते ही थाना सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही कार और चालक की तलाश में जुटी है।

करवाचौथ से ठीक पहले हुए इस हादसे से परिवार में मातम पसर गया। मां और मासूम बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि घायल बच्ची का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

video

Pages